रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने पश्चिमी देशों पर निशाना साधते हुए कहा है कि कुछ देशों की महत्वाकांक्षाएं दुनिया में न्यायपूर्ण और लोकतांत्रिक व्यवस्था बनाने के रास्ते में बड़ी बाधा बनी हुई हैं। उन्होंने कहा कि आज दुनिया तेजी से बदल रही है और कई देश ऐसी अंतरराष्ट्रीय व्यवस्था चाहते हैं, जिसमें सभी देशों को बराबरी का अधिकार मिले।
क्रेमलिन की वेबसाइट पर जारी बयान के मुताबिक, पुतिन ने 'पीपुल्स फ्रीडम मूवमेंट' की आम सभा के आयोजकों और प्रतिभागियों को भेजे संदेश में ये बातें कही हैं।
पुतिन ने कहा कि दुनिया में लगातार ऐसे देशों की संख्या बढ़ रही है, जो बहुध्रुवीय व्यवस्था का समर्थन कर रहे हैं। इन देशों की इच्छा है कि अंतरराष्ट्रीय संबंध समानता और लोकतांत्रिक सिद्धांतों पर आधारित हों।
उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ पश्चिमी देश अपनी नव-औपनिवेशिक महत्वाकांक्षाओं के कारण इस लक्ष्य को हासिल नहीं होने दे रहे हैं।
रूसी राष्ट्रपति ने कहा कि पश्चिमी देशों की औपनिवेशिक ताकतें पहले एशिया, अफ्रीका और लैटिन अमेरिका के देशों पर सीधे शासन करती थीं। समय के साथ उन्हें अपना प्रत्यक्ष शासन खत्म करना पड़ा, लेकिन अब भी वे इन क्षेत्रों पर अपना प्रभाव बनाए रखना चाहती हैं।
पुतिन के अनुसार, ऐसे देश इन क्षेत्रों की अर्थव्यवस्थाओं पर नियंत्रण रखने, उनके आंतरिक मामलों में दखल देने और उनकी विदेश नीति को प्रभावित करने की कोशिश कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि इस तरह की नीतियां दुनिया में समानता और न्याय पर आधारित अंतरराष्ट्रीय व्यवस्था के निर्माण में रुकावट पैदा करती हैं।
आपकी टिप्पणी